रामपुर शहर में नवंबर माह से कई उपभोक्ताओं को नहीं मिले हैं बिजली बिल
भारी भरकम बिल आने की उपभोक्ताओं को सता रही चिंता
कंपनी और सहायक अभियंता को दिए समस्या के समाधान के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। केंद्र सरकार की योजना के तहत रामपुर नगर परिषद और साथ लगती पंचायतों में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य चल रहा है। बीते वर्ष से निजी कंपनी की ओर से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया चल रही है। रामपुर शहर में भी स्मार्ट मीटर तो लगे, लेकिन चार माह से बिजली बिल न आने से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ रही है। नवंबर माह से बिजली बिल न आने के चलते उपभोक्ताओं को अब भारी भरकम बिल आने का डर सता रहा है। उपभोक्ताओं ने बिजली बोर्ड प्रबंधन से समस्या का समाधान कर जल्द बिल जारी करने की मांग की है।
गौर हो कि केंद्र सरकार की आरडीएसएस योजना के तहत रामपुर क्षेत्र में बिजली के ढांचे में आवश्यक सुधार किया जा रहा है। इसी के तहत नप क्षेत्र में स्मार्ट मीटर भी लगाए गए। स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं को बीते वर्ष नवंबर से लेकर मार्च माह तक के बिल नहीं मिल पाए हैं। ऐेसे में भारी भरकम बिल आने की चिंता सता रही है। रामपुर शहर के विद्युत उपभोक्ता गिरधारी लाल, अजय सिंगला, पवन, राहुल घाघटा, रोहित सहित अन्य ने कहा कि शहर में स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल नहीं आ रहे। बिजली बोर्ड को कई बार सूचित किया गया है।
जहां स्मार्ट मीटर लगे, वहां यह समस्या
यह समस्या केवल रामपुर शहर में ही नहीं है, बल्कि जिन क्षेत्रों में भी स्मार्ट मीटर लग रहे हैं, वहां भी यह समस्याएं पेश आ रही हैं। निजी कंपनी की ओर से उपभोक्ताओं के बिजली मीटरों का खाका ऑनलाइन चढ़ाया जा रहा है। इसके चलते कई सीरियल नंबरों का मिलान नहीं हो पा रहा है, जबकि डाटा चढ़ाने से संबंधित समस्याएं भी पेश आ रही हैं। समस्या को लेकर विद्युत बोर्ड प्रबंधन ने संबंधित कंपनी और बोर्ड के सहायक अभियंताओं को उपभोक्ताओं की इस ज्वलंत समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही इस संबंध में कंपनी और विद्युत बोर्ड के अधिकारियों की बैठक आयोजित कर समाधान बारे चर्चा होगी।
बिजली बिल न आने की समस्या उनके ध्यान में है। संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों और बोर्ड के सहायक अभियंताओं की जल्द बैठक आयोजित कर समाधान निकाला जाएगा। जल्द ही उपभोक्ताओं को बिजली बिल दिए जाएंगे।
- कुक्कू शर्मा एक्सईएन, बिजली बोर्ड रामपुर