पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जोघों सड़क पर दबोचा आरोपी
कोर्ट ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में नालागढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कश्मीरपुर-जोघों सड़क पर नाकाबंदी के दौरान एक युवक को 101 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की है।
पुलिस जानकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान नालागढ़ के बसोवाल गांव निवासी पवन कुमार उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी कश्मीरपुर-जोघों मार्ग पर नशे की खेप बेचने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 101 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। रविवार को आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। उधर, मामले की पुष्टि एएसपी अशोक वर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशा कहां से लाया था और इलाके में किसे सप्लाई करने वाला था। मामले की गहनता से जांच जारी है।