रामपुर बुशहर। लॉकडाउन के चलते प्रदेश भर में लगी धारा 144 को देखते हुए घरेलू हिंसा के मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष निर्णय लिया है। डीसी ने जिले में घरेलू हिंसा के मामलों पर त्वरित कार्रवाई करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न खंडों के बाल विकास परियोजना अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। पीड़ित महिला संबंधित नोडल अधिकारी के पास अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती है। रामपुर उपमंडल के विभिन्न स्थानों पर विभाग ने 11 पर्यवेक्षकों की तैनाती की है, जिनके पास घरेलू हिंसा की शिकायतें दर्ज करवाई जा सकेंगी।
गौरतलब है कि देश के कई राज्यों में लॉकडाउन के बाद घरेलू हिंसा के मामलों में पहले से कहीं अधिक इजाफा हुआ है। इसी को देखते हुए शिमला जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत बाल विकास परियोजना अधिकारी को नोडल ऑफिसर बनाकर घरेलू हिंसा के मामलों को तुरंत निपटाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, डीसी ने पुलिस प्रशासन से भी घरेलू हिंसा के मामलों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। रामपुर और ननखड़ी विकास खंड के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी अजय बदरेल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन दोनों विकास खंडों में घरेलू हिंसा की पीड़ित महिलाएं नोडल अधिकारी के फोन नंबर 94181-32410 पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती हैं। इसके अलावा घरेलू हिंसा की सभी शिकायतें बाल विकास परियोजना रामपुर और ननखड़ी के पर्यवेक्षक वृत्तों के पर्यवेक्षकों (संरक्षण अधिकारी) के फोन नंबर पर भी दर्ज करवाई जा सकती है। रामपुर और ननखड़ी तहसील में 11 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है, जो शिकायतों के निपटारे संबंधित कार्रवाई करेंगे। एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने बताया कि उपायुक्त शिमला के निर्देशानुसार आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत सीडीपीओ रामपुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो समूचे उपमंडल में घरेलू हिंसा की शिकायतों का समाधान करेंगे। वहीं, संबंधित पुलिस प्रशासन को भी घरेलू हिंसा के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
घरेलू हिंसा की शिकायतों के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
घरेलू हिंसा से पीड़ित महिला पर्यवेक्षक गोपालपुर के राकेश कौशल 70182-61282 , ज्यूरी की ज्वाला देवी के मोबाइल नंबर 94184-76529, गानवीं की पार्वती के 98169-09261, बरकल के ब्रजेश के 70186-57958 , रामपुर की राधा के 98054-22921, डंसा की सेना देवी के 82190-23161, थैली चकटी और आदर्शनगर की मालती देवी के 82195-13412, सराहन के योगराज के 88948-61941, तकलेच की सुमित्रा बिष्ट के 98052-32246, बाहली की प्रोमिला के 82788-29507, देलठ, ननखड़ी और खोलीघाट के विक्रम के मोबाइल नंबर 78340-22733 पर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।