ठियोग (रामपुर बुशहर)। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण ठियोग के ग्रामीण क्षेत्रों में मुश्किलें बढ़ गई हैं। उपमंडल की कई पंचायतों में भूस्खलन हुआ है। साथ ही कई जगह डंगे गिर गए हैं और बारिश का पानी घर में घुसने से कई घरों पर गिरने का खतरा मंडराने लगा है। उपमंडल की कई सड़कों पर भी भूस्खलन हुआ, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। कई ग्रामीण सड़कें भी प्रभावित हुई हैं। इसे देखते हुए एसडीएम शशांक गुप्ता ने सोमवार को निजी व सरकारी स्कूल, कॉलेजों और आईटीआई संस्थानों में एक दिवसीय अवकाश की घोषणा की। इसके अलावा गाड़ियों की पासिंग करने के लिए होने वाले टेस्ट भी अगली तिथि तक स्थगित कर दिए गए हैं। रविवार रात से लगातार हो रही बारिश से कई जगहों पर भूस्खलन हुए हैं। पड़गेया पंचायत के तिहाना गांव के प्रेम वर्मा के घर के सामने की दीवार ढह गई। इससे घर के गिरने का खतरा बढ़ गया है। घरेच के एआर शर्मा के घर के सामने का डंगा सोमवार को भरभरा कर गिर गया, जिससे घर ढहने के कगार पर है। चंबल गांव के आत्मा राम की गोशाला में पानी घुसने से काफी नुकसान हुआ है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि दहशत के कारण पूरा परिवार रविवार देर रात से घर में आए पानी को मोड़ने का प्रयास करता रहा। धमांदरी पंचायत के जगत राम के घर में सड़क का पानी घुसने से घर में रखा सामान खराब हो गया। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क किनारे नालियों को दुरुस्त करने की मांग की है।
ठियोग में सात सड़कें रही बंद
बारिश से भूस्खलन और सड़कों के क्षतिग्रस्त होने के कारण सात ग्रामीण संपर्क मार्ग प्रभावित रहे। इनमें चियोग-धमांदरी- सैंज, रहीघाट- क्यारटू, फारेस्ट कॉलोनी-चिखड़ पंप हाउस, छैला- टिककर, बलघार-धार कालना, चियोग- सैंज और छैला-महौरी-नारकंडा मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। दोपहर तक लोक निर्माण विभाग ने अधिकतर सड़कों को बहाल कर दिया। इस दौरान छिनकधार और बलघार रूट पर परिवहन निगम की बसें फंस गईं। इसके अतिरिक्त खशधार और देव बन रूटों की बसें भी देरी से पहुंचीं।
विज्ञापन
छैला-चौपाल सड़क रही छह घंटे तक बंद
घोड़ना के पास भूस्खलन के कारण छैला-चौपाल सड़क छह घंटे तक बंद रही। सोमवार सुबह छह बजे के पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा सड़क पर आ गिरा। इस दौरान दोनों तरफ सड़क पर सैकड़ों गाड़ियां फंसी रहीं। इसमें निजी और निगम की बसें भी शामिल रहीं। बसों में फंसे यात्री घंटों तक सड़क के खुलने का इतंजार करते रहे। इस दौरान महिलाओं और बच्चों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बसों में फंसे यात्री एक कप चाय और बिस्कुट के लिए तरसते दिखाई दिए।
लोगों ने जताया रोष
इन दिनों क्षेत्र में सेब तुड़ान का सीजन भी चल रहा है। सेब से लदे कई छोटे और बड़े वाहन भी जाम में फंसे रहे। जाम में फंसे लोगों ने लोक निर्माण विभाग पर रोष प्रकट किया। लोगों ने कहा कि विभाग की एक भी मशीनरी पांच घंटे तक मौके पर नहीं पहुंच पाई। विभाग के अधिकारियों को सड़क बंद होने की सूचना करीब सात बजे दे दी गई थी। हालांकि, दोपहर बारह बजे के करीब मार्ग को खोल दिया गया।
भूस्खलन के कारण सड़क बंद होने की सूचना करीब 7:30 बजे प्राप्त हुई। सड़क को खोलने के लिए मशीनरी भेजने के निर्देश दिए गए, लेकिन मशीनरी भूस्खलन वाली जगह से कुछ दूरी पर धारकालना संपर्क मार्ग को खोलने में लगी हुई थी। सड़क को खोलने के बाद मशीन सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के जाम में फंसी रही। मशीन को मौके पर पहुंचने के लिए खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब पौने बारह बजे मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया था। - विनोद शर्मा, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग सैंज
सैंज चौपाल सड़क मार्ग पर आए मलवे को साफ़ करती विभाग की मशीन। संवाद