संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। स्वच्छता ही सेवा-2024 अभियान के तहत जनजातीय जिला किन्नौर में 14 सितंबर से एक अक्तबूर तक आयोजित होने वाले स्वच्छता अभियान को लेकर उपायुक्त कार्यालय सभागार में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की।
उपायुक्त ने बताया कि जिला किन्नौर में 13 सितंबर को स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया जाएगा, जिसका विषय स्वभाव स्वछता-संस्कार स्वच्छता रखा गया है। इस अभियान को आरंभ करने का मुख्य उद्देश्य आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है, ताकि जिला किन्नौर को स्वच्छ और सुंदर रखा जा सके। जिला के कल्पा, निचार और पूह विकास खंड सहित पंचायत स्तर पर विभिन्न जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को ठोस और तरल कचरा प्रबंधन के बारे में जागरूक किया जाएगा।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से साडा के सफाई कर्मचारियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने जिला के पुलिस, स्वास्थ्य और अन्य विभागों को आपस में समन्वय स्थापित करने को भी कहा है, ताकि इस अभियान को सफल बनाया जा सके और जिला के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके। खंड विकास अधिकारी पूह एवं जिला विकास अधिकारी अभिषेक बरवाल ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। बैठक में पुलिस उप अधीक्षक नवीन जालटा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविराज नेगी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र गुरु लाल नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता दिनेश सेन, जलशक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता अभिषेक शर्मा, प्रधानाचार्य डाइट कुलदीप नेगी, उपनिदेशक बागवानी भूपेंद्र नेगी, क्षेत्रीय प्रबंधक एचाआरटीसी पीयूष शर्मा, जिला कृषि अधिकारी डॉ. ओपी बंसल और जनजातीय महिला कल्याण परिषद की अध्यक्ष रत्न मंजरी सहित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।