किन्नौर की मीरू पंचायत में महिलाओं को खड्डी वितरित करते पंचायत प्रधान।
- फोटो : RAMPUR-HP
रिकांगपिओ (किन्नौर)। हिमाचल इंपोरियम ने ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को खड्डी से आत्मनिर्भर बनाने की योजना चलाई है। इसी कड़ी में जिले की मीरू पंचायत क्षेत्र की 10 महिलाओं को एक वर्ष का प्रशिक्षण देने के बाद एक-एक निशुल्क खड्डी पंचायत प्रधान मीरु नरेंद्र नेगी के माध्यम से वितरित की गई।
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की इस पहल पर नरेंद्र नेगी ने सरकार और विभाग का आभार जताया है। गौरतलब है कि हिमाचल इंपोरियम की किन्नौर इकाई की इन सभी महिलाओं को ट्रेनर चरण देवी ने एक वर्ष प्रशिक्षण दिया। इस दौरान सभी महिलाओं को प्रोत्साहन राशि के रूप में 950 रुपए प्रति माह प्रत्येक राशि दी जाती रही है, ताकि ये सभी महिलाएं खड्डी के माध्यम से अपनी आजीविका का साधन स्वयं तैयार कर सकें।