संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। कल्पा और रोघी के बीच खोशारंग से तीन किलोमीटर ऊपरी पहाड़ी पर एक व्यक्ति की पेड़ का कटान करते समय अचानक छाती में दर्द उठा और उसके बाद गिरकर उसकी मौत हो गई। पुलिस थाना रिकांगपिओ की जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कल्पा और रोघी के बीच खोशारंग से तीन किलोमीटर ऊपर पहाड़ी पर दो लोग पेड़ का कटान करने गए थे। इसमें एक व्यक्ति को अचानक छाती में दर्द उठा और उसके बाद गिर कर मौत हो गई। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार कल्पा रविंद्र सिंह, कार्यवाहक थाना प्रभारी रिकांगपिओ जवाहर लाल, चौकी प्रभारी कल्पा विक्रांत, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, क्यूआटी, गृहरक्षक के जवानों की टीम और स्थानीय लोग मौके पर रवाना हुए। टीम ने शव को क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ पहुंचाया है। मृतक की पहचान जिला कांगड़ा के दियोट के गांव सरमण के वार्ड-एक निवासी श्याम चंद, पुत्र खाम्पो के रूप में हुई है।
एसपी किन्नौर अभिषेक एस ने बताया कि शुक्रवार को एक व्यक्ति की कल्पा और रोघी के बीच ऊपरी पहाड़ी पर पेड़ का कटान करते समय अचानक छाती में दर्द उठने से मौत हो गई है। मृतक के शव को रेस्क्यू कर रिकांगपिओ अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।