संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के साथ लगते सैंज के लेलुपुल के समीप सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई है। हादसे में एक अन्य किशोर को गंभीर चोटें आई हैं। उसका प्राथमिक उपचार ठियोग अस्पताल में चल रहा है। दोनों भाई देहा से सेब की फसल फल मंडी की ओर आ रहे थे। मगर रास्ते में ही गाड़ी अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। हादसा बुधवार देर रात का बताया जा रहा है लेकिन इसकी सूचना सुबह के समय पुलिस को मिली।
हादसे में चालक प्रताप सिंह (32) पुत्र कांसूराम, गांव मझोली, तहसील ठियोग, अनूप (25) पुत्र कांसू राम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गाड़ी में सवार दीपक (14) पुत्र बाली राम, गांव दलेउ, डाकखाना चियोग बुरी तरह से घायल है। उसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया गया। यहां उसकी हालत स्थित बताई जा रही है। मगर सड़क हादसे ने एक परिवार को कभी न भूलने वाले जख्म दे दिए हैं।
डीएसपी ठियोग लखबीर सिंह घटना की सूचना मिलते ही जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में दो भाइयों की मौत हो गई है। जबकि एक अन्य किशोर घायल है। मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
तंग सड़क पर पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
सैंज के उपप्रधान प्रेम शर्मा ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ है। वहां सड़क बहुत तंग है। इसके कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। पिछले तीन सालों से सड़क के ऊपरी तरफ मलबा गिरा हुआ है, जिसे आज तक नहीं हटाया गया है।
उन्होंने सरकार से सड़क को चौड़ा करने और क्रैश बैरियर लगाने की मांग उठाई है। हादसे होने के बाद ही प्रशासन जागता है लेकिन जब तक कोई बड़ा हादसा न हो किसी के कान पर जूं तक नहीं रेंगती। आखिर इंसानी जिंदगी से खिलवाड़ का यह सिलसिला कब तक जारी रहेगा। उन्होेंने लोनिवि और प्रदेश सरकार से मार्ग को चौड़ा करने और क्रैश बैरियर लगाने की मांग उठाई है।