पुराने समय में तिब्बत, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के व्यापारी यहां पहुंचते थे। तब तिब्बत से ऊन, पश्मीना और मसाले लाए जाते थे। वहीं, बुशहर और किन्नौर क्षेत्र से ऊनी वस्त्र, पट्टू, शॉल, सूखे मेवे, जड़ी-बूटियां और कृषि उत्पादों का कारोबार होता था। मेले में घोड़े, खच्चर और अन्य पशुधन का व्यापार भी प्रमुख था। वर्तमान समय में लवी मेले का स्वरूप काफी बदल चुका है। अब यह केवल पशुधन और पारंपरिक व्यापार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें खेल, मनोरंजन और आधुनिक व्यावसायिक गतिविधियां जुड़ गई हैं। अब देश के विभिन्न हिस्सों से व्यापारी घरेलू सामान, कपड़े और खाद्य सामग्री लेकर यहां पहुंचते हैं। मेले में झूले, डोम और खानपान की दुकानों के साथ पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, लोकनृत्य और पहाड़ी वाद्ययंत्र आकर्षण का केंद्र रहते हैं।
मेले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेल और मनोरंजन कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। -हर्ष अमरेंद्र सिंह, लवी मेला कमेटी सचिव एवं एसडीएम रामपुर
रामपुर का लवी मेला आज से, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ
चार शताब्दी पुराने भारत-तिब्बत व्यापार के इतिहास को समेटे अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का विधिवत शुभारंभ बुधवार पूर्वाह्न 11:20 बजे राज्यपाल कविंद्र गुप्ता करेंगे। आधिकारिक रूप से 11 से 14 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में व्यापारिक गतिविधियां करीब एक माह तक जारी रहेंगी। राज्यपाल पाटबंगला मैदान में किन्नौरी मार्केट और विभागीय प्रदर्शनियों का उद्घाटन करेंगे व पहली सांस्कृतिक संध्या की अध्यक्षता भी करेंगे। मेले के समापन अवसर पर 14 नवंबर को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।