रोहड़ू में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करते विधायक मोहन लाल ब्राक्टा
- फोटो : RAMPUR-HP
रोहडू़। विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सेब सीजन से पहले उपमंडल की सभी सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को विकास कार्यों की समीक्षा और सेब सीजन की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों से साथ बैठक आयोजित बैठक की उन्होंने समीक्षा की। बैठक में एसडीएम रोहडू़ सन्नी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक ने ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता पवर्न गर्ग को विधायक निधि के तहत चल रहे विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि विधायक निधि के तहत जितना बजट स्वीकृत है, उसे जल्द खर्च किया जाए। रोहडू़ विधानसभा क्षेत्र के तहत प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना और नाबार्ड के तहत जिन सड़कों को चौड़ा और पक्का करने का काम अभी तक पूरा नहीं हो सका है, उसे जल्द पूरा किया जाए।
बैठक में बिजली बोर्ड के तहत प्रस्तावित एवं प्रगति पर चल रहे कार्यों पर भी चर्चा की गई। विधायक ने जलशक्ति विभाग को निर्माणाधीन परियोजनाओं का जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोनिवि पवन गर्ग, अधिशासी अभियंता विद्युत मंडल संजीव रावत, बीडीओ रोहडू़ प्रताप चौहान, बीडीओ चिड़गांव रोशन लाल शर्मा, आरएम रोहडू़ अनिल शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक सिविल अस्पताल रोहडू़ डॉ. रविंद्र शर्मा, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहिंद्र ठाकुर भी उपस्थित थे।