चार पंचायतों का कटा संपर्क, ग्रामीण परेशान
सेरीपुल में धंसी सड़क, बागवानों की बढ़ सकती है परेशानी
बीते वर्ष सेरीपुल में सड़क धंसने से एक माह तक बंद रही थी आवाजाही
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर-मझाली सड़क पर मंगलवार सुबह करेरी के पास बड़ी चट्टान आने के कारण वाहनों के पहिये थम गए। उपतहसील तकलेच के तहत आने वाली 12/20 घाटी को जोड़ने वाली सड़क मंगलवार को दो स्थानों पर बंद रही। सेरीपुल में जहां सड़क धंसने से यातायात ठप रहा, वहीं करेरी में सड़क पर एक बड़ी चट्टान आने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।
गौर हो कि रामपुर-मझाली सड़क से चार पंचायतों के हजारों ग्रामीण लाभान्वित होते हैं। देवठी, कूहल, मुनिश और काशापाट पंचायत के ग्रामीण इस सड़क पर आवाजाही करते हैं। भारी बारिश के कारण सेरीपुल में सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा धंसने से यातायात ठप हो गया। कई घंटों तक लोगों को आवाजाही करने में परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि विभाग ने मशीन लगाकर सेरीपुल में यातायात को दोपहर के लिए बहाल कर दिया, लेकिन यहां से आगे उक्त मार्ग पर करेरी गांव के समीप ऊपरी पहाड़ी से एक बहुत बड़ी चट्टान आ गिरी। गनीमत रही कि इस विशालकाय चट्टान की चपेट में कोई नहीं आया। सुनील चौहान, प्रीतम, सनम, पवन कुमार और राहुल ने कहा सेरीपुल में सड़क का धंसना चिंता का विषय है। अभी सेब सीजन शुरू होने वाला है, ऐसे में यदि यहां सड़क धंसने का सिलसिला जारी रहा तो आगामी हजारों सेब की पेटियों को मंडियों तक पहुंचाना चुनौती होगा। बीते वर्ष भी यहां पर करीब एक माह तक यातायात पूरी तरह से ठप रहा और बागवानों को भारी भरकम पैसा खर्च कर मजदूरों से पेटियों का ढुलान करवाना पड़ा। क्षेत्र के बागवानों को सड़क के धंसने से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उधर, लोक निर्माण विभाग तकलेच के सहायक अभियंता ने कहा कि सेरीपुल में यातायात बहाल कर दिया गया है, जबकि करेरी में ब्रेकर लगाकर बड्डी चट्टान को तोड़ने के लिए ब्रेकर लगाया गया है। जल्द ही बाधित मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।