.बागवानों को निर्धारित कार्य दिवसों पर गुम्मा शाखा कार्यालय में दस्तावेज जमा करने होंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। प्रदेश बागवानी उपज विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (एचपीएमसी) की गुम्मा शाखा ने एमआईएस-2025 के तहत लंबित भुगतान के लिए सेक्टरवार रोस्टर जारी किया है। यह रोस्टर तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। इसका उद्देश्य कार्यालय में भीड़ नियंत्रित करना और भुगतान प्रक्रिया व्यवस्थित करना है। शाखा प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि बागवानों को सेक्टर के निर्धारित कार्य दिवसों पर गुम्मा शाखा कार्यालय में दस्तावेज जमा करवाने होंगे। यह व्यवस्था दस्तावेज के सत्यापन और भुगतान प्रक्रिया को समय पर पूरा करेगी। दस्तावेज जमा करने का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक है। दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक भी दस्तावेज जमा किए जा सकेंगे। दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक दस्तावेज की जांच, सत्यापन और भुगतान सूची तैयार होगी। बागवानों को मूल फल रसीद, आधार कार्ड की प्रति तथा बैंक पासबुक अथवा रद्द चेक की प्रति साथ लानी होगी। एचपीएमसी ने स्पष्ट किया है कि भुगतान दस्तावेज के सत्यापन और निधि की उपलब्धता के अनुसार होगा।
ये सेक्टर होंगे
रोस्टर के अनुसार, सेक्टर-1 के बागवान सोमवार और मंगलवार को दस्तावेज जमा करेंगे। इस सेक्टर में गुम्मा, खलटूनाला, चमैन, चडियाना, रामनगर, निहारी नाला, रतनाड़ी, बाघी, क्यारी, बघाल, कलबोग, पुड़ग, कीथ, कुफरबाग, बालीधार, बड़ेओ, रेयोघाटी, भुईलाघाट, नैराघाटी और पुजाली नाला शामिल हैं। सेक्टर-2 के बागवान बुधवार और वीरवार को दस्तावेज जमा करेंगे। इस सेक्टर में शिलगिरी, प्रेमनगर, महासू, बखोल, निहारी, गरावग, कथान्डी नाला, थरोला, चेवर नाला, पनोग, टेहटोली, कुपड़ी नाला, कोटीबणी, खनेटी, जकराड़ी, धाली, क्यारी, जासला, कंवर बाग, गाजटा और अलावंग क्षेत्र शामिल हैं। सेक्टर-3 के बागवान शुक्रवार और शनिवार को दस्तावेज जमा करेंगे। इस सेक्टर में घुड, ठियोग, संधु, मेहना, धरातर, पुनू, धार कालना, महोरी, शिलारू, मतियाना, चेओग, बसाधार और घलली क्षेत्र शामिल हैं। निगम ने बागवानों से निर्धारित सेक्टर और कार्य दिवस पर ही कार्यालय पहुंचने की अपील की है ताकि भुगतान बिना विलंब हो सके।