रूपी पंचायत में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान मौजूद डॉक्टर और जन प्रतिनिधी।
- फोटो : RAMPUR-HP
भावानगर (किन्नौर)। किन्नौर जिले की दुर्गम पंचायत रूपी में आयुष विभाग किन्नौर ने निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर में पंचायत प्रधान रामेश्वर नेगी बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। आयुष विभाग की ओर से आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. किशोरी लाल ने शिविर की अगुवाई की।
शिविर में स्त्री रोग संबंधी, रक्तचाप और शुगर से संबंधित ग्रामीणों की जांच की गई। शिविर में कुल 160 ग्रामीणों का स्वास्थ्य जांचा गया। इसमें ब्लड शुगर के 60 और 50 मरीज बीपी से पीड़ित पाए गए। विभाग ने शिविर में सभी को निशुल्क दवाइयां वितरित की। शिविर में जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. किशोरी लाल ने ग्रामीणों को आयुष विभाग की चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। साथ ही योजनाओं का भरपूर लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने आयुर्वेद पद्धति को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए हैं। शिविर में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे पंचायत प्रधान रामेश्वर नेगी ने आयुष विभाग का शिविर आयोजित करने पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि विभाग ने समय-समय पर इस तरह के शिविरों का आयोजन किया जाना चाहिए। नेगी ने शिगारचा आयुर्वेद स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की तैनाती करने पर आयुष विभाग का आभार जताया। इस मौके पर डॉ. अतुल भारद्वाज, डॉ. ईश्वर दत्त, अरुण कुमार, वीर सिंह, पुष्पा देवी, मूलचंद, भगत राम और अजीत नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।