देवताओं के आगमन के साथ शुरू हुआ श्वाड़ लवी मेला
तीन दिवसीय मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी के श्वाड़ में मनाए जाने वाले तीन दिवसीय लवी मेले का आगाज देव आगमन के साथ हुआ। देवता वैंशी और देवता मांहुनाग की शोभायात्रा में सैकड़ों लोगों ने शिरकत की। शोभायात्रा के दौरान देवता वैंशी के गूर ने लोहे की छड़ी मुंह के अंदर डाल कर देव परंपरा का निर्वहन किया।
मेले के शुभारंभ पर समाजसेवी बालकृष्ण ठाकुर और हिमाचल ग्रामीण बैंक श्वाड के प्रबंधक गंगेश वर्मा बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं दी और कमेटी को 15 हजार रुपये की सहयोग राशि भेंट की। मेला कमेटी के उपाध्यक्ष खेम शर्मा ने बताया कि इस व्यापारिक मेले में दो दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। शनिवार को कांति भूषण और लता ठाकुर के साथ लोक कलाकार अपना जलवा बिखेरेंगे। वहीं अगले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक गायिका आशा शर्मा और रोहित सिंह ठाकुर अपनी प्रस्तुति देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन करेंगे। इस अवसर पर मेला कमेटी अध्यक्ष डोला सिंह, महासचिव चेतन शर्मा, खेम शर्मा, कुमार ठाकुर और तिलक गौतम सहित अन्य मौजूद रहे।