सोमवार रात बर्फबारी से नेशनल हाईवे-305 फिर अवरुद्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। मौसम के बिगड़े मिजाज के बाद सोमवार रात को जलोड़ीजोत पर चार इंच हिमपात हुआ। बर्फबारी से जहां एक बार फिर पर्यटक स्थल जलोड़ी पर्यटकों के लिए गुलजार हुआ है, वहीं हिमपात से फिर यातायात ठप हो गया है।
यातायात अवरुद्ध होने से आउटर सिराज के हजारों लोगों को जिला मुख्यालय कुल्लू से संपर्क कट गया है। लोगों को आवाजाही करने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खनाग के अशोक राणा ने बताया कि जलोड़ीजोत से सोझा की तरफ करीब ढाई किलोमीटर सडक़ आवाजाही के लिए अवरुद्ध है। उन्होंने कहा कि सवारियां जलोड़ीजोत से आगे पैदल सफर कर रही है।
पर्यटक बर्फ देखने के लिए जलोड़ीजोत पहुंच रहे हैं। निचले क्षेत्रों में सोमवार रात को बारिश हुई है, जिससे किसान-बागवान खुश हैं। बर्फबारी और बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। समूचे क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
नेशनल हाईवे प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता केएल सुमन का कहना है कि जल्द ही सड़क बहाल कर दी जाएगी।