रामपुर बुशहर। रामपुर के साथ लगते एक होटल में पुलिस ने जुआ खेल रहे चार लोगों को दबोचा है। आरोपियों से 15700 रुपये की नगदी भी बरामद की गई है। इसके अलावा नोगली में पुलिस ने एक ढाबे से अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रामपुर पुलिस के मुताबिक एएसआई चेत राम बुधवार शाम करीब 4:35 बजे नोगली बाजार में पुलिस दल के साथ गश्त और ट्रैफिक चेकर रहे थे। इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि विनोद राणा की पत्नी सुशीला राणा (38), वीपीओ नोगली, तहसील रामपुर, जिला शिमला नोगली स्थित अपने ढाबे में अवैध शराब बेचती है। सूचना मिलते ही पुलिस दल ने सुशीला राणा के ढाबे पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने ढाबे से बिना परमिट की देसी शराब की 10 बोतलें बरामद की।
पुलिस ने महिला के खिलाफ आबकारी एवं कराधान अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दूसरे मामले में हेडकांस्टेबल विजय कुमार वीरवार सुबह करीब 4:30 बजे रामपुर के इंदिरा मार्केट में कर्मचारियों के साथ पेट्रोलिंग कर रहे थे। गश्त के दौरान उन्होंने एक ढाबे से शोर सुनाई दिया। इस दौरान उन्होंने चार व्यक्तियों को देखा, जो जुआ खेल रहे थे।
पुलिस ने जुआ खेल रहे सोनू ठाकुर यम प्रसाद, पासेंग लामा और अजय पंत को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जुआरियों से 15700 रुपये की रकम भी बरामद की है। पुलिस ने गेंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर कायथ ने की है।