भावानगर(किन्नौर)। मीरु पंचायत के तहत आने वाले रंगले गांव में मंगलवार देर रात दो मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया। इस आगजनी से करीब 12 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने नुकसान का जायजा लिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात करीब दो बजे चोलिंग निवासी परविंद्र नेगी के चार कमरों वाले दो मंजिला मकान अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते ही लकड़ी से बना दो मंजिला भवन राख के ढेर में तबदील हो गया। प्रारंभिक जांच में यह आग शॉर्ट सर्किट से आग लगना माना जा रहा है। मकान मालिक परविंद्र नेगी के अनुसार बगीचे में बने इस मकान में घटना के वक्त कोई मौजूद नहीं था। पूरा परिवार चोलिंग गांव में था। आग लगने की जानकारी सुबह किसी परिचित ने दी। सुबह तक किसी को इस घटना की जानकारी नहीं मिल पाई। इस घटना में करीब 12 लाख का नुकसान होने का अनुमान है। मकान में रखे घरेलू और बागवानी से संबंधित सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया है। घटना की जानकारी मिलते ही परविंद्र नेगी ने इसकी सूचना प्रशासन को दी और सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। इस संबंध में एसडीएम भावानगर मनमोहन सिंह के अनुसार नुकसान के आकलन के लिए प्रशासन ने मौके पर राजस्व विभाग की टीम को भेजा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित को हरसंभव सहायता दे दी जाएगी।