सशत्र सीमा बल सराहन प्रशिक्षण केंद्र में59 वां स्थापना दिवस पर कार्यक्रम पेश करते कलाकार
- फोटो : RAMPUR-HP
ज्यूरी(रामपुर बुशहर)। एसएसबी सराहन के 59वें स्थापना दिवस पर भाषा एवं संस्कृति विभाग के कलाकारों ने प्रस्तुतियों से खूब समां बांधा। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि एसएसबी के पूर्व डीआईजी श्याम सिंह नेगी ने शिरकत की और कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एसएसबी के जवानों में जोश और खुशी झलक रही थी।
कार्यक्रम में कलाकारों ने पहाड़ी गीतों पर प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साईं विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल रामपुर के छात्र हिमांशु चौहान को दसवीं कक्षा में 92 प्रतिशत अंक लेने के लिए एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने स्मृति चिह्न से सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सुनील कांडपाल कमांडेंट आईटीबीपी, एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन, डीएसपी चंद्र शेखर, विकल्प यादव डीफओ रामपुर, एससी लोक निर्माण डी. पासंग नेगी, डीपीआरओ अरुण पटियाल सहित अन्य लोग गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसएसबी शाला बाग सराह न के कमांडेंट अचिंत्य मित्रा ने की। उन्होंने बताया 1962 में भारत चीन युद्ध के बाद शालाबाग सराहन में एसएसबी के अतिरिक्त प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना 1963 में की गई थी।
एसएसबी के जवानों ने किन्नौर सहित क्षेत्रों के सभी गांव-गांव में जा कर लोगों के भीतर देशभक्ति का जज्बा पैदा करने और हथियार चलाने की प्रशिक्षण देना शुरू किया। केंद्र में देश के कोने-कोने से हजारों जवानों को ट्रेनिंग भी दी जा रही है। इस अवसर पर एसएसबी एटीसी शालाबाग के डिप्टी कमांडेंट करण चौहान, सराह पंचायत की प्रधान अनु मेहता, उपप्रधान सोहन पानटू, हरियाली मिशन के फाउंडर जीता चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।