सूचना के बाद भी नहीं हुए प्रयास तो एनजीटी में उठेगा मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। पर्यावरण संरक्षण और एंटी करप्शन फांउडेशन की टीम दो महीने से पर्यावरण संरक्षण का काम कर रही है। फाउंडेशन ने पर्यावरण संरक्षण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है, जिन्होंने जंगलों में आग लगने वाली घटनाओं को नजरअंदाज किया है। फाउंडेशन ने आग की घटनाओं की सूचना वन विभाग को दे रहा है। सूचना के बाद भी कर्मचारियों ने आग बुझाने के प्रयास नहीं किए तो हिमाचल के जंगलों में लग रही आग के मामले को एनजीटी के समक्ष उठाया जाएगा।
फाउंडेशन के चेयरमैन ईश्वर चंद्र ने बताया कि हिमाचल के जंगलों को आग से बचाने के लिए फाउंडेशन लगातार वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर रही है। संस्थान की सूचना के बाद वन विभाग ने रात को भी जंगलों को बचाने का कार्य किया। ईश्वर चंद्र ने बताया कि अगर वन विभाग जंगलों को बचाने में लापरवाही करेगा तो फाउंडेशन मामले को एनजीटी में उठाएगी और वन विभाग पर कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि चुनावों में करोड़ों रुपये खर्च किए जाते है, लेकिन हिमाचल में जंगलों की आग बुझाने के लिए विदेशों की तर्ज पर हेलिकाप्टरों का इंतजाम नहीं किया जाता है, जो बहुत चिंतनीय विषय है।