अगले सप्ताह तक काम पूरा होने की उम्मीद, दुर्घटनाओं पर काफी हद तक लगेगा अंकुश
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी ठियोग (रामपुर बुशहर)। रहीघाट से शुरू होने वाले बाईपास के जीरो प्वाइंट और प्रेमघाट के बीच सड़क के किनारे खाली स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाने की कवायद तेज कर दी है। इन स्थानों पर बैरियर लगाने के लिए गड्ढे खोदने का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। अगले दो दिनों में इनमें कंक्रीट डालने का काम शुरू किया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार कंक्रीट का कार्य पूरा होने के बाद अगले सप्ताह तक क्रैश बैरियर लगाने का काम भी पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद सड़क पर सफेद पट्टियां (रोड मार्किंग) लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा ताकि वाहन चालकों को रात और खराब मौसम में भी सड़क स्पष्ट रूप से दिखाई दे सके। साथ ही सड़क पर रात के समय बेहतर दृश्यता के लिए कैट आई (रिफ्लेक्टिव रोड स्टड) भी लगाए जाएंगे, जो वाहनों की लाइट पड़ने पर चमकते हैं और चालकों को सड़क की दिशा समझने में मदद करते हैं। इससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होने की उम्मीद जताई जा रही है। यदि मौसम अनुकूल रहा, तो अप्रैल से पहले ही यह सड़क लोक निर्माण विभाग को औपचारिक रूप से शिफ्ट की जा सकती है। इसके बाद इस मार्ग बायपास को एनएच बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे क्रैश बैरियर लगने से खासकर खतरनाक मोड़ों और गहरी खाई वाले हिस्सों में सुरक्षा बढ़ेगी और क्षेत्र में होने वाली दुर्घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लग सकेगा।
50 लाख की लागत आने का अनुमान
एनएचएआई के कनिष्ठ अभियंता दिनेश शर्मा के अनुसार इस पूरे कार्य पर करीब 50 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है और यह काम विधायक के निर्देशों के अनुसार मानकों के तहत किया जा रहा है।