जल्द होगा निजी स्कूलों का औचक निरीक्षण, शिक्षा अधिकारी जांचेंगे व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिले में शिक्षा विभाग ने निजी स्कूलों में टेट पास शिक्षकों की तैनाती अनिवार्य करने के आदेश जारी किए हैं। यदि स्कूलों में टेट पास शिक्षक नहीं रखे, तो स्कूल संचालकों पर शिक्षा विभाग अपना शिकंजा कसेगा। जल्द ही शिक्षा विभाग किन्नौर के अधिकारी जिले के निजी स्कूलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था की जांच करेंगे। गौर हो कि जनजातीय जिला किन्नौर में 31 निजी स्कूल प्रबंधकों को सरकार और शिक्षा विभाग ने निर्धारित शिक्षकों की योग्यता यानी टेट पास अध्यापक रखने के लिए निर्देश पहले ही जारी कर दिए हैं, लेकिन जिले के कई निजी स्कूलों में निर्देश नहीं माने जा रहे हैं। कई निजी स्कूल में शिक्षकों की ग्रेजुएशन तक नहीं है और वे विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। इसके चलते शिक्षा विभाग निजी स्कूलों निरीक्षण कर प्रबंधकों पर शिकंजा भी कसने की तैयारी में है। जिले में स्कूल खुलने के बाद शिक्षा विभाग औचक निरीक्षण कर स्कूलों की जांच करेगा। सरकारी आदेशानुसार सभी निजी स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाने वाले शिक्षक टेट पास होना अनिवार्य है। वर्तमान में निजी स्कूल प्रबंधकों ने शिक्षा को धंधा अपनाते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए बिना टेट परीक्षा उत्तीर्ण किए हुए शिक्षकों को स्कूलों में तैनात किया है। अब शिक्षा विभाग इस नियम को रूल को पूर्णत: लागू करने के लिए तैयार हो गया है। जिन स्कूलों में शिक्षक टेट पास नहीं होंगे, उनपर कार्रवाई की जाएगी।
सरकार के आदेशानुसार टेट पास शिक्षक ही निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ा सकते हैं। जब स्कूल खुलेंगे, तो शिक्षा विभाग की ओर से उनका औचक निरीक्षण कर स्कूलों की जांच पड़ताल की जाएगी। जिस निजी स्कूल में शिक्षक टेट पास नहीं होंगे, उनपर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी निजी स्कूल प्रबंधन की होगी।
- अरुण गौतम, उप निदेशक, प्रारंभिक शिक्षा