बिजली और पेयजल लाइनें टूटीं, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
विज्ञापन
परिवहन निगम की बसों सहित कई छोटे वाहन फंसे
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर की दुर्गम पंचायत कूट का संपर्क दो दिन से कटा हुआ है। पंचायत के मौंचा ढांक में पहाड़ी दरकने से सड़क पर बड़ी-बड़ी चट्टानें आ गई हैं। ऐसे में यातायात बहाली चुनौती बना हुआ है, वहीं परिवहन निगम की बसों सहित कई छोटे वाहन फंस गए हैं। भूस्खलन की चपेट में आने से बिजली और पेयजल लाइनें टूट गई हैं। इस कारण हजारों ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। गौर हो कि दुर्गम कूट पंचायत का संपर्क भारी भूस्खलन के कारण कट गया है। पंचायत को जोड़ने वाली सड़क मौंचा ढांक में भारी भूस्खलन से बाधित हो गई है। भूस्खलन की चपेट में आने से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और क्षेत्र में अंधेरा पसर गया है। पहाड़ी से गिरी भारी भरकम चट्टानों ने पेयजल योजना की लाइन को भी क्षतिग्रस्त किया। पेयजल लाइन टूटने से सुरू और कुथरु गांव में पेयजल संकट की समस्या हो गई है। रविवार को भी यहां भूस्खलन हुआ। सड़क पर आए भारी भरकम पत्थरों को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग को खासी मशक्कत करनी पड़ेगी। बीते दिनों हुई बारिश के कारण यहां भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। भूस्खलन के कारण कूट पंचायत के रोपनी, खिऊंचा, किन्फी और कूट गांव का संपर्क कट गया है। दो दिन पूर्व क्षेत्र में एक शादी समारोह था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग अपने वाहन लेकर पहुंचे थे। अब सड़क बाधित होने से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा यहां परिवहन निगम की भी एक बस फंस गई है। रविवार को बिजली बोर्ड के कर्मचारी विद्युत आपूर्ति को बहाल करने में जुटे रहे, लेकिन ढांक में टूटी लाइनों को दुरुस्त करने में खतरा बना हुआ है। सड़क बाधित होने से हजारों ग्रामीणों सहित स्कूली बच्चों को दिक्कतें बढ़ गई हैं और ग्रामीण पैदल सफर करने को मजबूर हैं।
-कूट पंचायत प्रधान रत्न डोगरा ने बताया किमौंचा ढांक में भारी भूस्खलन होने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया है। सडक़ बहालाी को लेकर लोक निर्माण विभाग को सूचित किया गया है।
- लोक निर्माण विभाग सराहन के सहायक अभियंता गोवर्धन शर्मा ने बताया कि सड़क पर भारी चट्टानें आने के कारण यह मार्ग यातायात के लिए बाधित हुआ है। रविवार को जेसीबी मशीन बहाल करने के लिए लगाई गई है। एलएनटी मशीन को मौके के लिए भेज दिया जाएगा। मंगलवार तक सड़क बहाल होने की संभावना है।
उपमंडल रामपुर की कूट पंचायत में पहाड़ी दरकने से कटा सम्पर्क।