हांगरंग वैली के जिला परिषद सदस्य ने लोगों से जागरुकता फैलाने का किया आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिले की हांगरंग वैली के जिला परिषद सदस्य शांता कुमार ने जिले में बढ़ रहे चिट्टे के प्रचलन पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने जिले के लोगों से नशे के खिलाफ आगे आने का आह्वान किया है। जिप सदस्य ने कहा कि चिट्टे का नशा किन्नौर जिले के युवाओं के लिए एक बड़ा खतरा है। यह न केवल उनके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि उनके भविष्य को भी बर्बाद कर रहा है। उन्होंने जिले के लोगों से आह्वान किया है कि बाहरी क्षेत्रों में शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चों को जरूरत से ज्यादा पैसे न दें। साथ ही उनपर नजर बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि चिट्टे के समाधान करने के लिए हमें एकजुट होना होगा। उन्होंने जिले के लोगों से इस बारे अधिक से अधिक जागरुकता फैलाने का आह्वान किया है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस से भी इस समस्या का समाधान करने के लिए उचित कदम उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी होगी और नशा मुक्ति केंद्रों की स्थापना करनी होगी।