47 सरकारी और छह निजी स्कूलों के खिलाड़ी ले रहे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सांगला में अंडर-14 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया। डिस्टिक एलिमेंट्री स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से सांगला स्कूल में चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में जिले भर के 53 स्कूलों के 638 खिलाड़ी प्रतिभा दिखाएंगे।
इस खेलकूद प्रतियोगिता में 47 सरकारी और छह निजी स्कूल शामिल हैं। अंडर-14 छात्र वर्ग की स्पर्धा में फुटबाल, कबड्डी, बैडमिंटन, वाॅलीबाल, खो-खो प्रतियोगिता सहित अन्य खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जिलेभर के खिलाड़ी दमखम दिखा रहे हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर हिमाचल प्रदेश को-ऑपरेटिव बैंक के निदेशक पितांबर दास नेगी बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। उप निदेशक शिक्षा कुलदीप नेगी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। प्रतियोगिता के पहले दिन देवी चंडिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल कोठी और मिडिल स्कूल काफनू के बीच फुटबाल मैच खेला गया, जिसमें कोठी स्कूल ने जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश पाया।
वॉलीबाल में रारंग जीता
वॉलीबाल स्पर्धा में सापनी और रारंग के बीच मैच हुआ, जिसमें रांरग ने जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश पाया। बैडमिंटन स्पर्धा में लियो और मॉड्रन पब्लिक स्कूल भावानगर के बीच खेला गया। लियो ने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश पाया। ब्रुआ और चांगो के मध्य बैडमिंटन मैच खेला गया। इसमें चांगो ने जीत हासिल की। आगामी दिन दिनों तक विभिन्न खेलों में जिले भर के खिलाड़ी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस मौके पर प्रधानाचार्य मूरंग सुभाष नेगी, सहायक जिला प्रारंभिक शिक्षा के खेल प्रभारी वीरभगत नेगी, प्रधानाचार्य सांगला बलविंदर सिंह नेगी और पूर्व उपप्रधान कामरू पंचायत मुकेश नेगी सहित कई अन्य मौजूद रहे।