रामपुर बुशहर। दस जनवरी को हुए नगर परिषद रामपुर के चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद उपायुक्त शिमला ने एसडीएम रामपुर को चुनाव जीत कर आए पार्षदों को शपथ दिलाने के निर्देश दिए हैं। आगामी 18 जनवरी को नवनिर्वाचित पार्षदों के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसी तर्ज पर नगर पंचायत नारकंडा, कोटखाई, चौपाल, जुब्बल और नगर परिषद ठियोग और रोहडू में भी नए पार्षदों को शपथ दिलाई जाएगी।
नगर परिषद और निकाय के चुनाव समाप्त होते ही जिला निर्वाचन अधिकारी शिमला एवं उपायुक्त आदित्य नेगी ने 18 जनवरी को नगर निकायों में जीतकर आए पार्षदों के लिए शपथ ग्रहण करवाने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने जिले के सभी उपमंडलाधिकारी को नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, इसी दिन अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन भी होना है। रामपुर नगर परिषद के सभागार में 18 जनवरी को सुबह 11 बजे चुनाव जीत कर नगर परिषद पहुंचे पार्षदों के लिए शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। पार्षदों को इस संबंध में नगर परिषद की ओर से जल्द सूचना पत्र जारी किए जाएंगे। एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने बताया कि 18 जनवरी को चुनाव जीतने वाले पार्षदों को शपथ दिलाई जाएगी। इसी दिन नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का भी चयन होगा।
नगर परिषद रामपुर के कार्यकारी अधिकारी हरि शर्मा ने बताया कि 18 जनवरी को सुबह 11 बजे नगर परिषद हाल में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। नप के सभी नौ वार्डों के पार्षदों को इस संबंध में सूचना पत्र भेजा जाएगा।