आनी में पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ने मांगों को लेकर खोला मोर्चा
बोले, सरकार अपने खर्चों में कटौती कर प्रदेश के विकास पर दे ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन कुल्लू की बैठक मंगलवार को उपमंडल मुख्यालय आनी में हुई। बैठक में लंबित बकाया राशि का मुद्दा जोरशोर से उठा। पेंशनरों ने सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर रोष जताया। बैठक में उपमंडल बंजार, आनी और निरमंड यूनियन के पदाधिकारियों ने भाग लिया और आगामी रणनीति तैयार की।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सेवानिवृत्त डीएसपी रामदेव ठाकुर ने की। बैठक में पुलिस पेंशनर की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर मंथन किया गया। सरकार से उन्हें जल्द सुलझाने का आग्रह किया गया। जिलाध्यक्ष रामदेव ठाकुर ने कहा कि पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन एक गैर राजनीतिक संगठन है, जो सभी वर्गों को साथ लेकर सेवानिवृत्ति के बाद अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है। बैठक में 11 प्रतिशत महंगाई भत्ते के एरियर की अदायगी, छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत बकाया राशि के भुगतान और पेंशनरों के चिकित्सा बिलों के जल्द भुगतान की मांग उठाई गई। कई अन्य मांगों पर भी चर्चा की गई। कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार के पास उनके कई वित्तीय मामले लंबित पड़े हैं, जिससे पेंशनर को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से डीए के एरियर और छठे वेतन आयोग के बढ़े हुए वेतनमान का भुगतान अब तक नहीं किया गया है, जिससे सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सा बिलों का भुगतान न होने के कारण वरिष्ठ पेंशनरों को अपनी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए स्वयं खर्च उठाना पड़ रहा है, जिससे वे आर्थिक दबाव में हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपने खर्चों में कटौती कर प्रदेश के विकास पर ध्यान दे और पेंशनरों की लंबित बकाया राशि को जल्द जारी करे, ताकि पुलिस पेंशनर्स को राहत मिल सके। कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों को अनदेखा करती है, तो पेंशनर आगे की रणनीति तय करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर रमेश पराशर, गुरदयाल सिंह, अमर सिंह, मंगत राम, सूरत राम, अनूप राम, लच्छी राम, लाल सिंह, झाबे राम शर्मा, अनूप नेगी, ज्वाला दास, लक्ष्मण दास, ज्ञान चंद, मदन लाल, रोशन लाल, मस्तराम आदि मौजूद रहे।