26 नवंबर को सड़क पर उतरेंगे किसान और बागवान
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। हिमाचल सेब उत्पादक संघ जुब्बल इकाई की बैठक मंगलवार को स्थानीय विश्राम गृह में हुई। बैठक में किसान नेता संजय चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। खंड स्तरीय बैठक में विभिन्न ग्रामीण इकाइयों से किसान-बागवान सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान किसानों और बागवानों की सरकारी भूमि से हो रही बेदखली को लेकर रणनीति बनाई गई।
बैठक में सभी सदस्यों ने कृषि बागवानी में आ रही समस्याओं पर अपने विचार साझा किए। इसके अलावा भूमि से बेदखली और घरों की तालाबंदी पर सरकार की ओर से राहत के आश्वासन के बावजूद प्रदेश के राजस्व और वन विभाग की ओर से नोटिस और बेदखली की कार्रवाई जारी रखे जाने पर रोष प्रकट किया गया। राज्य कमेटी सदस्य संजय चौहान ने कहा कि 26 नवंबर को ऐतिहासिक किसान संघर्ष की पांचवीं वर्षगांठ पर संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्र स्तरीय विरोध प्रदर्शन के आह्वान को लेकर हिमाचल सेब उत्पादक संघ भी प्रदेश में विभिन्न प्रशासनिक स्तरों पर किसानों और बागवानों के विषयों को लेकर सड़कों पर उतरेगा। जुब्बल में बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने रोहड़ू में ब्लॉक स्तरीय विरोध प्रदर्शन करने पर सहमति जताई।