संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले के नेसंग झूले के पास बुधवार रात को पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ और मलबा एनएच पर आ गिरा, जिससे एनएच पर 15 घंटे तक यातायात अवरुद्ध रहा। वीरवार दोपहर एक बजे यातायात बहाल होने के बाद पूह, काजा सहित स्पीति वैली के हजारों लोगों ने राहत की सांस ली।
जिले के पूह खंड में नेसंग झूले के पास रात करीब दस बजे पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से चट्टानें और मलबा एनएच पर आने से करीब 50 मीटर सड़क बाधित हो गई थी। सड़क बाधित होने से पूह खंड की रोपा वैली, सुन्नम, खाब, नमज्ञा, टाशीगंग लियो, हांगो, चुलिंग, शलखर, नाको, सुमरा सहित काजा और स्पीति वैली का संपर्क कट गया था। हजारों लोगों को आवाजाही करने में परेशानी झेलनी पड़ी। वीरवार सुबह सात बजे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के मजदूर और मशीनें बाधित मार्ग को बहाल करने में जुटी रहीं। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाधित एनएच को यातायात के लिए बहाल किया गया। मार्ग बहाल होने के बाद एनएच पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। दोपहर बाद एनएच के दोनों ओर वाहनों की बराबर आवाजाही रही।
मार्ग बाधित होने की सूचना मिलते ही सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया गया था। संगठन की दो मशीनों और 20 मजदूरों ने करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को बहाल कर दिया। दोपहर एक बजे से एनएच के दोनों और वाहनों की बराबर आवाजाही शुरू हो गई।
- प्रदीप सिंह, ओसी पोवारी, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ)