सात जिलों के 280 प्रतिभागियों ने लिया प्रतियोगिता में भाग
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी चौपाल (रोहड़ू)। डीएवी पब्लिक स्कूल चौपाल के छात्रों ने ग्रेपलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और रजत पदक जीते हैं। प्रतियोगिता का आयोजन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स शिमला में किया गया, जिसमें प्रदेश के सात जिलों से करीब 280 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का सफल आयोजन ग्रेपलिंग संघ के उपाध्यक्ष गोपाल मागटा के सौजन्य से किया गया। प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल चौपाल के कक्षा दसवीं के छात्र प्रद्युमन मेहता, कक्षा आठवीं के छात्र आर्यवीर ठाकुर, कक्षा सातवीं के छात्र भार्गव और कक्षा छठी के छात्र आदित्य वंशज ने भाग लिया। प्रतियोगिता में आदित्य वंशज ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि प्रद्युम्न मेहता, आर्यवीर ठाकुर और भार्गव ने रजत पदक अपने नाम किए। इसके अलावा डीएवी चौपाल की कक्षा दसवीं के छात्र लक्ष्य शर्मा, कक्षा नौवीं के छात्र मयंक मधाईक, कक्षा आठवीं के छात्र अरनव तथा कक्षा सातवीं के छात्र नक्ष और कक्षा छठी के छात्र मौर्यांश ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
डीएवी पब्लिक स्कूल चौपाल के छात्रों ने पहली बार इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छात्रों की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या अनिता डोगरा ने विजेता छात्रों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्रों और उनके अभिभावकों के साथ-साथ प्रतियोगिता की तैयारी में सहयोग करने वाले सभी लोगों को भी बधाई दी। प्रधानाचार्या ने कहा कि विद्यार्थियों की खेलों में भागीदारी उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने भविष्य में भी विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।