गर्म कपड़ों और स्थानीय उत्पादों की जमकर हुई खरीदारी
प्रशासन ने 30 नवंबर तक दुकानें लगाने की दी है अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। प्रमुख व्यापारिक केंद्र रामपुर में सजने वाला अंतरराष्ट्रीय लवी मेला भले ही आधिकारिक तौर पर समाप्त हो गया हो, लेकिन मेले में व्यापार और खरीदारी का दौर अभी 30 नवंबर तक जारी रहेगा। मेला मैदान पाटबंगला में रविवार को अवकाश के चलते हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। स्कूल के बच्चों ने भी मेला मैदान पहुंचकर झूलों का आनंद लिया। मेला पाटबंगला में सजी औजारों की दुकानों में भी ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने खेतीबाड़ी में इस्तेमाल होने वाले औजार खरीदे। कुल्लू जिले से आए उत्पाद भी लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं। अवकाश होने पर कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने मेले में खूब मौज-मस्ती की और जमकर खरीदारी करते दिखे। दूरदराज से आए ग्रामीणों ने गर्म कपड़ों की खरीदारी की। 11 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय लवी मेला शुरू हो गया था, लेकिन स्टॉल कम लगने से लोग मेले में कम दिखें। रविवार को अवकाश होने से मेला मैदान में काफी भीड़ आने से देश और प्रदेश के व्यापारियों में थोड़ी से उम्मीद जगी है कि उनका व्यापार आने वाले 15 दिनों में अच्छा रहेगा। वहीं मैदान में पानी का छिड़काव न होने से धूल-मिट्टी उठने से लोग परेशान हुए। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि मैदान में धूल-मिट्टी कम करने के लिए पानी का छिड़काव किया जाए, ताकि लोगों को मेले में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
लवी मेले में आए व्यापारियों को जिला प्रशासन की ओर से 30 नवंबर तक तक मेला सजाने की अनुमति प्रदान की गई है। 30 नवंबर के बाद मेले मैदान और एनएच-पांच में सजे सभी प्लॉट खाली करने होंगे। नियमों की अवहेलना पर कार्रवाई की जाएगी।
- निशांत तोमर, एसडीएम रामपुर