रामपुर बुशहर।
पुलिस थाना रामपुर के तहत आने वाली तकलेच पंचायत के सियारला गांव के साथ बुधवार शाम परिवहन निगम की एक बस पलट कर सड़क से नीचे जा गिरी। इस हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल लाया जा रहा है। सूचना के मुताबिक हादसे के समय बस में करीब 65 लोग सवार थे।
पुलिस थाना रामपुर के मुताबिक बुधवार शाम को रामपुर डिपो की बस रामपुर से दरकाली की ओर जा रही थी। तकलेच पंचायत के सियारला गांव के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। सड़क से करीब 60 मीटर गिरी बस ने दो पलटे खाए और साथ लगते पेड़ों के कारण रुक गई। इस हादसे में बस के परखचे उड़ गए, जबकि बस में सवार अधिकतर लोगों को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। बस चालक की पहचान सुरजीत सिंह और परिचालक प्रेम सिंह के रूप में हुई है। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस चौकी तकलेच से दल मौके पर रवाना हुआ। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को मौके से बाहर निकालकर तकलेच अस्पताल पहुंचाया, जहां से पांच लोगों की हालत गंभीर होता देख खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे में सेरी गांव की सुंदला देवी पत्नी बालक राम आयु 47 वर्ष की मौत हुई है। सूचना मिलने तक पुलिस और ग्रामीण राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।
एसडीएम रामपुर डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये की फौरी राहत जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को पांच हजार और अन्य घायलों को 3-3 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है। प्रशासन का दल राहत कार्य में जुटा हुआ है।