तीन मामलों में पुलिस
ने पकड़ी 230 ग्राम चरस
नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी : साक्षी वर्मा
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। चौरा, भावानगर और टापरी पुलिस ने शुक्रवार रात को गश्त और नाके के दौरान तीन मामलों में 240 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस चैक पोस्ट चौरा से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात को दाड़लाघाट से रिकांगपिओ की ओर आ रहे ट्रक संख्या एचपी 11-5465 की जब तलाशी ली गई तो इस दौरान कार्यवाहक चैक पोस्ट प्रभारी चौरा अतुल रेणा की टीम ने ट्रक चालक गोपाल दत्त (42) गांव दुनदुन, तहसील अर्की, जिला सोलन से टीम ने 197 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है, जबकि ट्रक को चौरा चेस्ट पोस्ट पर रखा गया है। वहीं चालक को रिकांगपिओ कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं टापरी पुलिस की टीम ने भी थाना प्रभारी टापरी अमर सिंह मेहता की अगुवाई में टापरी में गश्त के दौरान चोलिंग से टापरी की तरफ एचपी 26ए2610 ऑल्टो कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन चालक जयदीप कुमार नेगी (34), गांव पुनंग, तहसील निचार, जिला किन्नौर से 23 ग्राम चरस बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने मामला दर्ज कर भविष्य में ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी है। भावानगर पुलिस की टीम ने भी मुख्य आरक्षी सुरजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने देर रात स्थानीय बस अड्डा भावानगर के पास नाके के दौरान स्थानीय निवासी प्रकाश चंद नेगी (52), गांव सुंगरा, तहसील निचार, जिला किन्नौर को रोककर जब तलाशी ली तो इस व्यक्ति के पास से पुलिस ने 10 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने उसे सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया। एसपी किन्नौर साक्षी वर्मा ने कहा कि नशे के सौदागरों पर कार्रवाई करने की पुलिस की मुहिम लगातार जारी रहेगी।