आनी (कुल्लू)। बिश्लाधार पंचायत के तहत आने वाले चेखी गांव में मंगलवार रात एक रिहायशी मकान और दो दुकानों में अचानक आग लग गई। इस घटना में घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही रात को आनी से दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने की कोशिश की।
अग्निशमन केंद्र आनी के प्रभारी लोतमराम ने बताया कि गांव चेखी से सूचना मिलने के बाद अग्निशमन की दोनों गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अग्निशमन केंद्र के कर्मचारी कमलचंद, डोला सिंह, प्रेम सिंह, ताबे राम, यशवंत और सुरेश कुमार ने कड़ी मशक्कत से 20 कमरों के मकान और दुकान में लगी भयंकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन चार कमरे आग की चपेट में आ चुके थे। इसके अलावा 16 कमरों को दमकल कर्मचारियों ने जलने से बचा दिया। तहसीलदार आनी देवेंद्र नेगी ने कहा कि बीती रात गांव चेखी में नंद कुमार, श्याम कुमार, विजय कुमार के मकान जल गए। इसके अलावा हरि कुमार, नवल कुमार और ओम कुमार की करियाना की दुकान जल गई है। प्रशासन की ओर से आग के कारण करीब पांच लाख का रुपये का नुकसान आंका गया है। तहसीलदार ने कहा कि मौके पर प्रशासन की ओर से पटवारी कानूनगो को भेजा गया है। मौके की पूरी रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त कुल्लू को भेजी जाएगी। प्रभावित परिवारों को प्रशासन हर संभव सहयोग और सहायता देगा।