अमर उजाला ब्यूरो
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
कुमारसैन बस हादसे में घायल दो और लोगों की मौत हो गई है। भारत भूषण पुत्र यज्ञा दत्त निवासी शिंगला, रामपुर और पंकज पुत्र मुन्नी लाल निवासी डमारी, कुमारसैन की रविवार को आईजीएमसी में उपचार के दौरान मौत हुई। अब तक हादसे में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में 16 घायल हो गए हैं। इनमें एचआरटीसी बस का चालक, परिचालक भी शामिल हैं।
हादसा शनिवार शाम शरंबल कैंप के पास गेनघाट में हुआ। बिलासपुर डिपो की बस ज्यूरी से धर्मशाला जा रही थी। बताया जा रहा है कि एक वैन गलत दिशा से आ रही थी। वैन की बस से टक्कर हो गई। इससे चालक के बस से नियंत्रण खो दिया और बस खाई में लुढ़क गई। वैन चालक संतोष कुमार पुत्र लारजु गांव गोलाट, तांदी (आनी) भी घायल हो गया है। उसका उपचार आईजीएमसी में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसएसबी जवान और स्थानीय जनता घटनास्थल की ओर दौड़े। उन्होंने घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हादसे में होशियार सिंह (28) निवासी खालडू, पालमपुर, देश राज शर्मा पुत्र भोलादत्त निवासी शिमला और अजय कुमार पुत्र लेख राज गांव कटियारा, सुन्नी की मौके पर ही मौत हो गई। उधर डीएसपी रामपुर देव कुमार नेगी ने बताया कि पुलिस ने वैन के चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि हादसे में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। घायलों का उपचार आईजीएमसी में चल रहा है। कहा कि मामले की जांच की जा रही है।