रामपुर बुशहर। रामपुर बुशहर के नामी व्यापारी से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। फिरौती मांगने के संदेह में व्यापारी के दो पूर्व कर्मचारियों को पुलिस ने दबोचा है और मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है। व्यापारी के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद शक के घेरे में आए दोनों पूर्व कर्मचारियों की लिखावट और पत्र की लिखावट की जांच की जा रही है।
रामपुर की राम कृष्ण जीवा राम फर्म के मालिक सुनील बस्सी के घर के लैटर बॉक्स में आठ और 26 दिसंबर 2017 को एक करोड़ रुपये की फिरौती देने को पत्र डाले गए थे। इन पत्रों के बाद से व्यापारी और उसके परिजन काफी परेशान और डरे हुए थे। सुनील बस्सी रामपुर के समीप डकोलड़ में बनाये गए नए मकान में हाल ही में शिफ्ट हुए थे। इस घर के बाहर लेटर बॉक्स में दो बार फिरौती देने की बात की गई थी। फिरौती न देने पर व्यापारी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। सुनील बस्सी ने पुलिस में दर्ज करवाई रिपोर्ट में बताया कि उन्हें दो बार इस प्रकार के धमकियों भरे पत्र मिले हैं। उन्होंने अपने स्तर पर भी छानबीन की थी पर कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। पत्र में लिखाई और शक के आधार पर दो लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं। यह दोनों उनके यहां कुछ समय पहले तक काम कर चुके हैं। पुलिस थाना रामपुर के सह प्रभारी लूद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की ओर से व्यापारी सुनील बस्सी ने उन्हें एक करोड़ की फिरौती न देने पर जान से मारने की धमकी दो बार दी गई है। पुलिस ने शक के आधार पर केसर उर्फ विजय और दोर्जे लामा को पूछताछ के लिए पुलिस थाने में बुलाया है। थाने में दोनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। दोनों को शनिवार को न्यायालय में पेश कर हैंडराइटिंग मेल करने के लिए पेश किया जाएगा। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाल रही है। डीएसपी रामपुर देव कुमार नेगी ने कहा कि पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।