रोहड़ू। कठासु मार्ग पर बेसुध हालत में मिले अज्ञात नेपाली की मौत हो गई है। शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाटकोटी-कठासु संपर्क मार्ग पर वीरवार सुबह एक नेपाली युवक बेसुध हालत में पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को प्राथमिक उपचार के लिए सरस्वतीनगर स्वास्थ्य केंद्र लाया। यहां से उसे सिविल अस्पताल रोहड़ू रेफर किया गया। रोहड़ू अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे आईजीएमसी रेफर किया गया। वीरवार शाम को आईजीएमसी में व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस थाना जुब्बल के प्रभारी सुंदर सिंह शर्मा ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि मृतक युवक की उम्र 30-35 साल के करीब है। युवक नेपाली मूल का है। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।