एसडीएम लक्ष्मण कनेट ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
प्रदेश सहित अन्य राज्यों की 128 टीमों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। प्रदेश के प्रसिद्ध सिराज क्रिकेट कप का शुभारंभ शनिवार को आनी मेला मैदान में हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने किया। स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब आनी के संयोजक विपिन ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। सिराज क्रिकेट कप प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों की 128 टीमें भाग ले रही हैं। संयोजक विपिन ठाकुर ने बताया कि आनी खेल मैदान में यह 33वां सिराज कप आयोजित किया जा रहा है, जिसमें करीब 3000 युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि सिराज कप पिछले 33 वर्षों से युवाओं के लिए एक सशक्त मंच बनकर उभरा है। एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि क्रिकेट आज पूरी दुनिया का प्रमुख खेल है। प्रदेश में सिराज क्रिकेट कप युवाओं की पहली पसंद बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित कर रही है। सिराज कप न केवल आउटर सिराज, बल्कि प्रदेश और देश के युवाओं को भी एकजुट करने का कार्य कर रहा है।
डीएसपी राजीव मेहता ने कहा कि आनी के युवाओं की ओर से की गई यह पहल सराहनीय है। सिराज कप के माध्यम से हर गांव के युवाओं को खेलने का अवसर मिल रहा है, जिससे वे अपने गांव, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। डीएसपी ने स्वयं मैदान में उतरकर युवाओं के साथ खेलते हुए आओ सब खेलें, नशे को छोड़ें का संदेश दिया। इस मौके पर समाजसेवी बुद्धि सिंह ठाकुर, नारायण सिंह, दीपक, स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष दिनेश ठाकुर, उपाध्यक्ष रामकृष्ण ठाकुर, मनीष सहित क्लब के सभी सदस्य मौजूद रहे।