कुपवी में डिग्री कालेज शुभारंभ के मौके पर एसडीएम के साथ स्थानीय लोग
- फोटो : RAMPUR-HP
नेरवा (रोहडू़)। चौपाल की कुपवी तहसील के लोगों को आखिरकार डिग्री कॉलेज की सौगात मिल गई है। कॉलेज के खुलने से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को घरद्वार पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। एसडीएम चौपाल चेत सिंह ने वीरवार को इसका उद्घाटन किया। फिलहाल महाविद्यालय निजी भवन में चलेगा। इस सत्र की कक्षाओं के लिए कला एवं वाणिज्य संकाय के लिए दस जुलाई से प्रवेश आरंभ कर दिया जाएगा।
कॉलेज के लिए अठारह प्रवक्ताओं और नॉन टीचिंग स्टाफ के पद स्वीकृत किए गए हैं। कुपवी तहसील के लोगों ने इस शिक्षण संस्थान को खोलने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और स्थानीय विधायक बलबीर वर्मा का आभार व्यक्त किया है।
इस अवसर पर मौजूद क्षेत्र के समाजसेवी और पूर्व जिला परिषद सदस्य हरि सिंह पचनाइक, पंचायत समिति कुपवी के अध्यक्ष श्याम सिंह पंवार सहित अन्य लोगों ने बताया कि कॉलेज खुलने से क्षेत्र के युवाओं को अब पढ़ाई के लिए नेरवा, चौपाल और अन्य जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सबसे अधिक फायदा क्षेत्र की बेटियों को मिलेगा जो कि कॉलेज की सुविधा नहीं होने के कारण उच्च शिक्षा से वंचित रह जाती थी।