सेना और आईटीबीपी के जवानों को मुश्किल हुआ सामान पहुंचाना
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। देश के सीमांत क्षेत्र को जोड़ने वाली छितकुल दुमति संपर्क सड़क चार दिन से यातायात के लिए बंद है। पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण मार्ग को बहाल करना चुनौतिपूर्ण बना हुआ है। हालांकि, लोक निर्माण विभाग मार्ग बहाली में जुटा हुआ है। गौर हो कि छितकुल दुमति संपर्क सड़क पर लाल ढांक के समीप वीरवार दोपहर पहाड़ी से भारी भूस्खलन हो गया था। बारिश के कारण हुए भूस्खलन के कारण करीब चार सौ मीटर सड़क पर भारी भरकम मलबा आ गया है। ऐसे में छितकुल से आगे नित्थल, थाच, खाना दुमति और नकदुम क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह से कटा हुआ है। ऐसे में देश सीमा पर तैनात भारतीय सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के जवानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। चार दिन से यातायात पूरी तरह से ठप होने के कारण सेना और आईटीबीपी के वाहनों की रफ्तार पूरी तरह से थम गई है। जवान आवाजाही करने में भारी परेशानियां झेल रहे हैं। वहीं उन्हें खाद्य और अन्य सामग्री अपने बेस कैंपों तक पहुंचाना मुश्किल हो गया है। बाधित मार्ग की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग सांगला ने मौके पर एक एलएनटी और एक जेसीबी मशीनों को तैनात कर दिया है। बारिश के कारण पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन के चलते मार्ग बहाली का कार्य मुश्किल हो गया है। लगातार हो रही बारिश से मार्ग बहाली का कार्य प्रभावित हो रहा है। मौसम थमने के साथ ही लोक निर्माण विभाग मार्ग बहाल कर पाएगा।
लगातार बारिश होने के कारण छितकुल दुमति संपर्क सड़क को बहाल करना मुश्किल हो रहा है। करीब चार सौ मीटर सड़क पर भारी भरकम मलबा भरा हुआ है, जिसे हटाने में समय लगेगा। सोमवार देर शाम तक बाधित मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा।
-हरदयाल सिंह तहसीलदार सांगला
बाधित मार्ग को बहाल करने के लिए मौके पर दो मशीनें तैनात की गई हैं। लगातार हो रही बारिश से मार्ग बहाली का कार्य प्रभावित हो रहा है। बारिश थमते ही मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा।
- हितेश ठाकुर, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग सांगला