जिला योग खेल संघ किन्नौर द्वारा आयोजित 5वां जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के विजेता टीम मुख्य
रिकांगपिओ कॉलेज में 5वीं जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयेाजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला योग खेल संघ किन्नौर ने रविवार को रिकांगपिओ कॉलेज में 5वीं जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयेाजन किया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हितेश नेगी ने बच्चों को स्वच्छता और योग के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने योग को जीवन में अपनाने की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ और अनुशासित जीवन शैली के लिए योग और स्वच्छता को अपनाने की सलाह दी। जिला योग खेल संघ किन्नौर के जिला अध्यक्ष मुकेश रोमधारी ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सब जूनियर गर्ल्स वर्ग में प्रथम स्थान डीएवी रिकांगपिओ की छात्रा आराध्या ने हासिल किया। पाइनवुड पब्लिक स्कूल की छात्रा जिया सिंह ने द्वितीय और रिब्बा स्कूल की छात्रा अवनी ने तृतीय स्थान हासिल किया है। सब जूनियर बॉयज की प्रतियोगिता में पाइनवुड पब्लिक स्कूल के छात्र सोमिल ने प्रथम, केंद्रीय विद्यालय रिकांगपिओ के छात्र विहान नेगी ने द्वितीय और केवी रिकांगपिओ के छात्र यश चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि जूनियर ब्वॉयज प्रतियोगिता में अर्पित ने प्रथम, गौरव ने दूसरा स्थान हासिल किया है। सीनियर गर्ल्स प्रतियोगिता में प्रविता ने पहला और पायल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि सीनियर ब्वॉयज में अक्षय ने प्रथम स्थान हासिल किया है। आर्टिस्टिक सिंगल प्रतियोगिता में सोमिल ने प्रथम स्थान और शिवा ने दूसरा स्थान हासिल किया है। जिला योग खेल संघ किन्नौर के सचिव रंजीत पल्सर ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थी अब राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
वहीं, जिला स्तरीय सब जूनियर वर्ग प्रतियोगिता में कक्षा 5वीं के विहान नेगी ने द्वितीय और कक्षा 5वीं के ही यश चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के प्राचार्य संजीव राणा ने दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर बधाई दी।