चौपाल(रोहड़ू)। दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में तहसील मुख्यालय कुपवी की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेें ग्यारह छात्रों को परीक्षा केंद्र में नकल करते पकड़ा गया है। एसडीएम चौपाल अनिल चौहान की ओर से बनाए गए उपमंडल स्तरीय उड़नदस्ते ने वीरवार को नकल करते पकड़ा।
उड़नदस्ते में शामिल नरेंद्र भोटा, ज्ञान मेहता और ओम प्रकाश नेगी ने वीरवार को वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कुपवी परीक्षा केंद्र में चल रही दसवीं कक्षा की एसओएस परीक्षा के दौरान औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्यारह परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा गया। उड़नदस्ते ने उनके खिलाफ मामला बना कर बोर्ड को भेज दिया है। एसडीएम अनिल चौहान ने परीक्षा में ड्यूटी दे रहे अधीक्षक एवं अन्य स्टाफ को सख्त हिदायत दी कि परीक्षाओं को पारदर्शी संपन्न करवाएं। उन्होंने बताया कि शिकायत मिली थी कि कुछ परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों के बावजूद नकल को अंजाम दिया जा रहा है। शिकायत पर करवाई करते हुए विशेष उड़नदस्ते का गठन करके कार्रवाई की गई।