कुमारसैन(रामपुर बुशहर)। कोरोना संक्रमण का खतरा देश और प्रदेश में लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में बिना जानकारी दिए पहुंचने वाले लोग कोरोना कैरियर बन सकते हैं। ऐसा ही एक मामला कुमारसैन उपमंडल में पेश आया है। जहां कानपुर से बिना सूचना दिए एक युवक पहुंचा है। प्रशासन ने सूचना मिलते ही उक्त युवक को संस्थागत क्वारंटीन सेंटर नारकंडा भेज दिया है। वहीं उक्त युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।
गौर हो कि कुमारसैन के बनाहर गांव में चोरी छिपे आने पर एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एसडीएम कुमारसैन गुंजीत सिंह चीमा ने बताया कि तीन दिन पहले बनाहर गांव का एक युवक जो उत्तर प्रदेश के कानपुर में किसी फैक्ट्री में काम करता था। बिना किसी परमिशन के अलग-अलग वाहनों में सवार होकर बनाहर गांव पहुंचा था। प्रशासन को जैसे ही इस युवक की सूचना मिली तो तुरंत ही युवक को 14 दिनों के लिए संस्थागत क्वारंटीन सेंटर नारकंडा शिफ्ट कर दिया गया। चीमा ने बताया कि नियमों की अवहेलना करने पर इस युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से आह्वान किया है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति बिना अनुमति के पहुंचा हुआ पाया जाए तो तुरंत प्रशासन, पुलिस या फिर संबंधित पंचायत को सूचित करें।