आनी(कुल्लू)। सरकार के बस किराया बढ़ोतरी के फरमान पर आनी युवा कांग्रेस ने रोष जताया है। युकां ने एसडीएम आनी चेत सिंह के माध्यम से राज्यपाल को बस किराये में हुई 25 प्रतिशत बढ़ोतरी को लेकर ज्ञापन सौंपा। युवा कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने बस किराये में जो बढ़ोतरी की है, वह निंदनीय है। सरकार इस निर्णय को तुरंत वापस ले। सरकार ने बस किराया बढ़ा कर गरीब जनमानस के ऊपर बोझ डाला है। एक ओर कोरोना काल में पहले ही गरीब जनता के पास कोई काम नहीं है, ऊपर से बस किराया में इतनी बढ़ोतरी कर दी है कि परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। कोरोना काल में जहां बस किराया को कम करना चाहिए था, वहीं प्रदेश सरकार ने बढ़ोतरी की है। प्रदेश सरकार ने 25 प्रतिशत किराया बढ़ाकर आम जनता पर दोहरी मार की है। सरकार के इस निर्णय से आम जनता में रोष है। युकां ने चेताते हुए कहा कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो आनी में चक्का जाम किया जाएगा, जिसका खामियाजा प्रदेश सरकार को चुकाना पड़ेगा।
इस मौके पर परस राम, कुल्लू कांग्रेस उपाध्यक्ष संतोष ठाकुर, जिला कुल्लू महासचिव दलीप जोशी, युवा कांग्रेस जिला कुल्लू सोशल मीडिया संयोजक रिंकू ठाकुर, अजीत, मनदीप, इशान सिंघा, रजत और बेली राम शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।