सराहन स्कूल में सहयोग कार्यक्रम में छात्रों को मार्गदर्शन करते एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन
- फोटो : RAMPUR-HP
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सराहन में सोमवार को सहयोग कार्यक्रम आयोजित किया गया। रामपुर उपमंडल में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रशासन ने यह कार्यक्रम चलाया है। इसकी अध्यक्षता एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने की। स्कूल के कार्यकारी प्रधानाचार्य विनोद शर्मा और अन्य स्टाफ ने एसडीएम और अन्य अधिकारियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में सीडीपीओ अजय बदरेल विशेष रूप से मौजूद रहे। एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने विद्यार्थियों को करिअर परामर्श के अंतर्गत महत्वपूर्ण जानकारी के साथ-साथ छात्रों को अधिकार और कर्तव्यों के बारे भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को एक आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का एकमात्र उद्देश्य नौकरी न होकर आदर्श नागरिक बनना भी है। असफलताओं से कभी भी घबराना नहीं चाहिए।
असफलता को अनुभव के रूप में लेने की जरूरत है। उन्होंने छात्रों से लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। सीडीपीओ रामपुर अजय बदरेल ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कई योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की छात्राओं की योजनाओं के बारे में भी बताया। इस मौके पर स्कूल स्टाफ सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।