एनएच-5 पागलनाला से नीचे गिरी ऑल्टो कार
- फोटो : RAMPUR-HP
भावानगर (किन्नौर)। टापरी थाना के नजदीक एनएच-5 में पागलनाला के समीप एक कार सतलुज नदी में गिरने से कनिष्ठ अभियंता की मौत हो गई है जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ऑल्टो कार में सवार कनिष्ठ अभियंता दिव्या मेहता (30) पुत्री पद्म सिंह निवासी रामनी तहसील निचार और अन्य महिला मीना कुमारी पत्नी धर्मेंद्र चंगाव तहसील निचार (37) भावानगर एनएच प्राधिकरण कार्यालय शौलडिंग से टापरी की ओर जा रहे थे। इसी बीच अनियंत्रित होकर कार रामनी झूला और पागलनाला के बीच सड़क से दो सौ मीटर नीचे सतलुज नदी के किनारे जा गिरी। हादसे में कनिष्ठ अभियंता एनएच-5 दिव्या मेहता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि अन्य महिला मीना गंभीर रूप से घायल है।
घायल मीना को छोल्टू अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रिकांगपिओ रैफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस थाना टापरी डीएसपी भावानगर राजू, थाना प्रभारी किरण कुमारी, एएसआई खमेश शर्मा, एएसआई प्रीतम सिंह, चौकी प्रभारी कड़छम सोहन सिंह के साथ पुलिस टीम और जेएसडब्लू कंपनी की आपदा प्रबंधन टीम ने रात 9 बजे से लेकर 2 बजे तक रेस्क्यू करके शव को सड़क तक पहुंचाया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया है। जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम निचार मनमोहन सिंह ने मृतक के परिजन को 20 हजार रुपये और घायलों को दस हजार रुपये फौरी राहत के तौर पर दी है।
एसपी किन्नौर अशोक रतन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव बरामद करके पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।