रामपुर बुशहर। रामपुर विधानसभा क्षेत्र की चार महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए चुनावी साल में प्रदेश सरकार ने करोड़ों रुपये के बजट का प्रावधान किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी शिक्षा से जुड़े चार संस्थानों के लिए सरकार ने सीएसए के तहत 7.83 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। जल्द ही इस राशि से इन विकास परियोजनाओं का कार्य पूरा किया जाएगा, ताकि लोगों को जल्द इनका लाभ मिलना शुरू हो सके।
गौर हो कि प्रदेश सरकार ने सीएसए के तहत रामपुर के ट्रॉमा सेंटर के लिए 2.40 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। इस राशि से चार जिलों के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं दे रहे रामपुर के खनेरी अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर के निर्माण कार्य को गति मिलेगी। हालांकि ट्रॉमा सेंटर के निर्माण पर कुल 5.08 करोड़ रुपये की लागत आएगी। ट्रॉमा सेंटर निर्माण के लिए सीएसए के तहत करीब 3.61 करोड़ रुपये की राशि मांगी गई थी। वहीं महात्मा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज कोटला के प्रशासनिक ब्लॉक के लिए सीएसए के तहत 5 करोड़ रुपये की राशि मांगी गई थी। इसके लिए सरकार ने 3.33 करोड़ रुपये जारी किए हैं। यह राशि प्रशासनिक ब्लॉक, लेक्चर हॉल और मेकेनिक इंजीनियरिंग ब्लॉक निर्माण में खर्च की जाएगी। उपमंडल के लालसा में निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए सरकार से 64 लाख रुपये की राशि मांगी गई थी, जबकि सरकार ने 43 लाख रुपये जारी किए हैं। पीएचसी बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों को घरद्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा उपतहसील तकलेच के वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय हॉल के लिए 1.67 करोड़ रुपये की राशि जारी हुई है।
उधर, एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि सीएसए के तहत रामपुर की चार विकास परियोजनाओं के लिए प्रदेश सरकार ने 7.83 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। जल्द ही इन परियोजनाओं का क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। संवाद