रिकांगपिओ(किन्नौर)। जिला किन्नौर प्रशासन ने गत दिनों सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों की नेशनल हाईवे पांच में हैवी ब्लास्टिंग करने के सिलसिले में खूब खिंचाई की थी। आए दिन एनएच बाधित होने से पोवारी से लेकर पूह तक जाने वाले यात्रियों, ग्रामीणों और पर्यटकों को परेशानियां झेलनी पड़ रही थीं। अब सीमा सड़क संगठन ने एनएच को चौड़ा करने के लिए होने वाली ब्लास्टिंग का समय और तिथि निर्धारित की है। प्रशासन ने भी लोगों से सहयोग की अपील की है।
गौर हो कि पोवारी से पूह की ओर जाने वाले ग्रामीणों और पर्यटकों को अकसर एनएच बाधित होने से खासी परेशानियां झेलनी पड़ रही थी। इस संबंध में किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी ने उपायुक्त किन्नौर की अदालत में धारा 133 के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने सीमा सड़क संगठन को समयसारिणी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए थे। वहीं अब संगठन के ओसी डीके राघव ने उपायुक्त किन्नौर और जिला पुलिस अधीक्षक को लिखित पत्राचार के माध्यम से सड़क कार्य में ब्लास्टिंग करने का दिन और समय अवधि से अवगत कराया है। ओसी डीके राघव ने बताया कि इस सप्ताह दो दिन 30 जुलाई मंगलवार और 2 अगस्त शुक्रवार को सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सड़क कार्य के दौरान ब्लास्टिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि पांगी नाला से खारो पुल के बीच, किरण खड्ड से कानम नाले और नेसंग पुल से श्यासो पुल के बीच सड़क में ब्लास्टिंग का कार्य किया जाएगा।
एसडीएम कल्पा डॉ. अवनिंद्र कुमार ने बताया कि उपायुक्त के जनहित को लेकर दिए गए दिशा निर्देशों के बाद बीआरओ ने समय अवधि, तिथि और ब्लास्टिंग का समय तय करने के बाद जिला प्रशासन को सूचित किया है। उन्होंने यात्रियों और ग्रामीणों से जारी किए गए समयानुसार सफर तय करने की अपील की है।