आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भमनोली छह वर्ष से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के हवाले
विज्ञापन
चिकित्सक, फार्मासिस्ट और एएनएम का पद रिक्त, मरीज बेहाल प्राथमिक उपचार के लिए 70 किलोमीटर दूर की दौड़ लगाने को मजबूर मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। खुन्नी पनोली पंचायत के अंतर्गत आने वाले आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भमनोली में छह वर्ष से चिकित्सक, फार्मासिस्ट और एएनएम का पद खाली है। आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भमनोली में स्टाफ की कमी के कारण मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। यह स्वास्थ्य केंद्र चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के हवाले है। पंचायत के हजारों मरीजों को उपचार के लिए 30 किलोमीटर दूर ननखड़ी या फिर 70 किलोमीटर दूर रामपुर जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों को घरद्वार स्वास्थ्य सुविधाएं तो दूर प्राथमिक उपचार तक की सुविधा नहीं मिल रही है, जबकि स्वास्थ्य केंद्र से गड़ोली, खुन्नी, पनोली, धनेरी और खलेट गांव के हजारों लोग लाभान्वित होते हैं। सुदेश नेगी, कुसुम लता, डीडी शर्मा, केएल शर्मा, राजेंद्र कुमार और संतोष कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की कमी लंबे समय से चल रही है। चिकित्सक और फार्मासिस्ट न होने के कारण ग्रामीणों को उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और विभाग से शीघ्र चिकित्सक और फार्मासिस्ट सहित अन्य पदों को भरने की मांग उठाई है।
रिक्त पदों को लेकर सरकार से समय-समय पर पत्राचार किया जा रहा है। उम्मीद है कि स्वास्थ्य केंद्र में जल्द स्टाफ की तैनाती होगी। - डॉ. प्रदीप शर्मा, बीएमओ, आयुर्वेद विभाग रामपुर