जिला किन्नौर में बर्फबारी और ग्लेशियर से क्षतिग्रस्त सेब के पेड़ । फाइल फोटो
गिरे डंगे से भारी वाहनों को पेश आ रही मुश्किलें, लोक निर्माण विभाग की अनदेखी से लोगों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी खंड की श्वाड कोठी कराणा सड़क पर गिरा डंगा भारी वाहनों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। कटाहर कैंची के पास बरसात के समय करीब आठ माह पूर्व गिरे डंगे को लोक निर्माण विभाग आजतक नहीं लगा पाया है। आए दिनों भारी वाहनों को बड़ी मुश्किलों से क्रॉस करना पड़ता है। लोक निर्माण विभाग की अनदेखी से यह डंगा जानलेवा साबित हो रहा है। क्षेत्र की करीब एक दर्जन पंचायतों की जनता इस सड़क से आवाजाही करती है। क्षेत्र की कराड़ पंचायत के प्रधान डाॅ. चमन ठाकुर, कुंगश पंचायत के प्रधान राकेश ठाकुर का कहना है कि कई बार भारी वाहनों के चालकों को गिरे डंगे से क्राॅस करने में भारी परेशानियां पेश आ चुकी हैं। आलम यह है कि जनता इस खतरनाक प्वाॅइंट से सफर करने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार इस गिरे डंगे को जल्द लगाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अभी तक इस ओर गौर नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अब अगली बरसात भी आने वाली है, यदि समय रहते यह डंगा नहीं लगा तो यहां से बची सड़क का नामो-निशान भी नहीं रहेगा। विभाग से इस गिरे डंगे को प्राथमिकता के आधार पर लगाने की मांग उठाई है।
टेंडर कर दिए, लेकिन ठेकेदार ने कार्य शुरू नहीं किया
उधर, अधिशासी अभियंता निरमंड डिवीजन संजय शर्मा का कहना है कि उन्होंने इस डंगे को लगाने के लिए टेंडर लगा दिए हैं, लेकिन ठेकेदार ने अभी तक कार्य शुरू नहीं किया है। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मनीश कुमार का कहना है कि संबधित ठेकेदार यदि समय रहते कार्य शुरू नहीं करता है तो विभाग स्वयं इस डंगे को बहुत जल्द लगाएगा।