कुमारसैन में कार्यालय के बाहर गरजे अधिकारी और कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। बिजली बोर्ड कुमारसैन मंडल के कर्मचारियों ने केंद्रीय कार्यकारिणी संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर वेतन न मिलने को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यालय के बाहर अधिकारियों और कर्मचारियों ने बोर्ड प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों को दिसंबर का वेतन नहीं मिला है। वहीं पेंशनरों को भी पेंशन का भुगतान नहीं हो पाया है। महंगाई के दौर में परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। वहीं पुरानी पेंशन भी बहाल नहीं हो पाई है। कर्मचारियों ने चेताया कि जब तक मांगें पूरी नहीं की जातीं तब तक आंदोलन जारी रहेगा। संयुक्त मोर्चा के साथ आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। जरूरत पड़ी तो टूल डाउन हड़ताल भी की जाएगी।
इस मौके पर संजय कश्यप, टीसी भारती, सुंदर सिंह जिष्टू, राकेश चंद, राजेंद्र मेहता, पवन कुमार, पंकज, रामानंद, प्रमोद चौहान, मीरा बाली सहित अन्य मौजूद रहे।